अमर उजाला ब्यूरो
कांगडा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गाहलियां को मालेश्वरम बंगलूरू स्थित प्रतिष्ठित सीवी रमन रिसर्च संस्थान ट्रस्ट की ओर से विज्ञान उत्साही विद्यालय का सम्मान मिला है। जिला कांगड़ा में गाहलियां सीनियर सेकेंडरी स्कूल इकलौता सरकारी शिक्षण संस्थान है जिसे नेशनल स्तर पर किसी रिसर्च इंस्टीट्यूट की ओर से साइंस को प्रोमोट करने के लिए पुरस्कार मिला है। स्कूल की प्रिंसिपल मीना शर्मा ने बताया कि स्कूल के 11 नन्हें वैज्ञानियों ने भौतिकी विभाग के प्रवक्ता राकेश वालिया की अगुवाई में अपनी प्रविष्टियां बंगलूरू स्थित सीवी रमन रिसर्च संस्थान को आरबाईएसआई पुरस्कार के लिए भेजी थीं। प्रवक्ता राकेश वालिया ने बताया कि संजय ठाकुर छठी कक्षा ने तैरती नाव, पीयूष ने आर्किमिडीज सिद्धांत, कुंदन ने वेक्यूम क्लीनर, कार्तिक धीमान ने पंखे सहित टेबल लैंप, दिव्याशं ने कूलर, आठवीं की पायल ने रंगों का विज्ञान, पायल राणा ने दर्पणों के प्रतिविंबों, सोनाली ने तरंगों की गति, मीनाक्षी ने परिवर्तन और अपरिवर्तन, दसवीं कक्षा की मुस्कान ने लाभदायक जीवाणु, आंचल ने सोनोमीटर नामक प्रयोगों को दर्शाते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पूर्व राष्ट्रपति सीवी रमन के गांव में स्थित पंचती ट्रस्ट ने इन बच्चों की विज्ञान में रुचि के कारण स्कूल को इस महान उपलब्धि से सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि 25वें विज्ञान मेले में प्रदेश में सर्वोत्तम सरकारी विद्यालय की ट्रॉफी भी इसी स्कूल ने जीती थी।