बारिश और बर्फबारी से किसानों को राहत
मुल्थान (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा की दुर्गम घाटी में वीरवार को सुबह ही बारिश और बर्फबारी शुरू हो गई, जो पूरा दिन भर जारी रही। चौहारघाटी और छोटा भंगाल की मुल्थान तहसील के सभी गांवों में बारिश हुई। जबकि घाटी के ऊपरी एरिया छोटा भंगाल के इलाका थमसर जोत, प्लाच, कुकड़गुंधा, फुंगनीजोत, लोलार, बडधारनी में दो से चार सेंटीमीटर तक हिमपात हुआ। घाटी में हालांकि बारिश और बर्फबारी से आम जीवन अस्त-व्यस्त हुआ है लेकिन किसानों और बागवानों को इससे राहत मिली है। यह बारिश किसानों की सूखी फसल को संजीवनी साबित होगी। किसानों चमेल सिंह, राम सिंह, कृष्ण, राम रत्न, मोजी राम और प्रभाराम ने कहा कि लहसुन और सरसों की जो फसल पीली पड़ चुकी थी, उनको बारिश से काफी राहत मिली है। बारिश के लिए किसान और बागवान देवताओं की पूजा अर्चना कर रहे थे।