अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा सूरियां(कांगड़ा)।
नगरोटा सूरियां के साथ लगती अमलेला पंचायत के जरपाल गांव में एक हफ्ते से फैले डायरिया संक्रमण पर इलाके के सैकड़ों लोगों को बांटी गईं दवाओं पर अब विभाग हरकत में आ गया है। दरअसल शनिवार को इलाके में अमर उजाला की ग्राउंड रिपोर्ट लेने के बाद सामने आए नतीजों से पता चला था कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से हालात पर काबू पाने के लिए आनन फानन में इसी माह एक्सपायर होने जा रही एंटी बैक्टीरियल दवा मेट्रोनिडोजोल की बड़ी खेप सैकड़ों डायरिया संक्रमण प्रभावित लोगों को बांटी है। इस पर रविवार के एडिशन में खबर छपते ही स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने जरपाल में मौके पर जुटी अपनी टीमों को जनता को और किसी तरह की कोई दवा नहीं देने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं, यह कहा गया है कि मौके हालात पर अब महज प्रभावित लोगों को ओआरएस घोल ही बांटा जाएगा। इसके साथ ही यदि और कोई गंभीर मामला आता है, तो अलग से ट्रीटमेंट जारी रहेगा। लेकिन, फिलहाल जरपाल के डायरिया प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य विभाग और दवाएं नहीं बांटेगा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया है कि जरपाल में अब डायरिया पूरी तरह काबू में है और हालात पर नियंत्रण पा लिया गया है। रविवार को इलाके में एक भी नया मामला सामने नहीं आया है। उधर, बीएमओ डॉ. मोहन सिंह ने बताया कि लोगों को बांटी गईं दवाएं पूरे मानकों पर खरी हैं।
---