वसुंधरा ने किया जयराम ठाकुर का अपमान
पौंग बांध विस्थापित समिति ने लगाया आरोप
बैठक से नदारद रहने पर बिफरे विस्थापित
अमर उजाला ब्यूरो
राजा का तालाब (कांगड़ा)। पौंग बांध विस्थापित समिति की विशेष बैठक प्रधान हंसराज चौधरी की अध्यक्षता में राजा का तालाब में हुई। इसमें प्रदेश भर के पौंग बांध विस्थापितों ने हिस्सा लिया। उन्होंने राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर विस्थापितों के हितों से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में काफी समय से प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की पौंग बांध विस्थापितों के लंबित मसले को लेकर सात सितंबर को जयपुर में मुलाकात की खबरें आ रही थीं, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी पौंग बांध विस्थापितों के लंबित मसलों को हल करने के लिए विशेष रूप से वहां पहुंच भी गए, लेकिन राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया जानबूझ कर मुलाकात में शामिल नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे और जयराम ठाकुर की मुलाकात का समय निश्चित होने के बाद उनका मुलाकात न करना हिमाचल के मुख्यमंत्री का सरेआम अपमान है। वहीं, इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि राजस्थान सरकार जानबूझ कर पौंग बांध की समस्याओं को हल करना नहीं चाहती है। जबकि इससे पहले भी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने ज्वालामुखी में पौंग बांध विस्थापितों के मसले पर बुलाई मीटिंग में भी आने का कार्यक्रम रखकर वहां पर नहीं पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि गंगानगर में आरक्षित भूमि पर विस्थापितों को बसाया जाए या उसके बदले नर्मदा व रेणुका बांध की तर्ज पर नौ करोड़ का मुआवजा दिया जाए। यदि इन मांगों को नहीं माना जाता है तो समिति को उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। वहीं, ऐसे में समिति जल्द ही एक बहुत बड़े आंदोलन के लिए विवश हो सकती है। इस मौके पर समिति के सचिव एमएल कौंडल, उपाध्यक्ष राम पाल वर्मा, संरक्षक डीएस ठाकुर, रमेश धीमान, बंसी लाल, रविंद्र कुमार, संजीव कुमार, कुलदीप कुमार, साहिब सिंह, रूप लाल, अनिल नागर, रविंद्र कुमार, सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।