विनोद राणा
पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल पालमपुर के गांव मलोग के नाइजीरिया में सुमद्री लुटेरों की ओर से अपहृत अजय कुमार के घर डर का साया छाया हुआ है। घर के लोग किसी से खुलकर भी बात नहीं कर रहे हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक सहमे हुए हैं कि कहीं क्या फोन आ जाए। अपने बेटे का नाइजीरिया में अपहरण की बात सुनने के बाद पूरा परिवार सदमे में है, जबकि बड़ी बात यह है कि अभी करीब बीस दिन पहले ही अजय कुमार के पिता को ब्रेन हेमरेज हुआ है। लिहाजा, अभी परिवार उनको बताने से भी डर रहा है कि कहीं अजय के अपहरण की बात सुनकर उन्हें फिर से कोई समस्या न खड़ी हो जाए। हालांकि, अभी तक सदमे में चल रहे परिवार को पैसों या अन्य किसी बात को लेकर बाहर से कोई फोन नहीं आया है। अजय की माता का कहना है कि उन्हें अभी तक कोई फोन नहीं आया है, जो भी बात किसी मामले को लेकर हो रही है, वह नगरोटा सूरियां में हुई है। उनके पास किसी का फोन नहीं आया है। अपने बेटे के अपहरण से सदमे में आई माता के कुछ अधिक नहीं बोल पाई है। तीन दिन पहले नाइजीरिया में कांगड़ा के तीन युवकों का अपहरण हुआ है। इसमें पालमपुर के गांव मलोग में अजय कुमार भी शामिल है। परिजनों ने अजय कुमार के अपहरण का मामला स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार और सांसद शांता कुमार के सामने भी उठाया है, जबकि सांसद शांता कुमार ने कहा कि मामला उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से उठाया है। वे लगातार इस मामले में प्रयासरत हैं।