गगल (कांगड़ा)। गग्गल हवाई अड्डे पर प्रीपेड टैक्सी सेवा शुरू हो गई है। इसके लिए यात्रियों को पहले ही किराया प्रीपेड टैक्सी सेवा के काउंटर में जमा करवाना पड़ेगा। साथ ही उन्हें इस सेवा के शुरू होने के बाद टैक्सी चालकों की कई बार अत्यधिक किराया मांगने की समस्या से भी दो-चार नहीं होना पड़ेगा। गगल हवाई अड्डा निदेशक सोनम नोरबू ने बताया कि टैक्सी यूनियन को एटीएम के पास हवाई अड्डा प्रांगण में ही काउंटर के लिए स्थान दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रीपेड टैक्सी सेवा शुरू होने के बाद अब टैक्सी चालक यात्रियों से मनमाने दाम नहीं वसूल कर पाएंगे। वहीं, गग्गल हवाई अड्डे टैक्सी यूनियन के प्रधान राजीव राणा ने इस सेवा के शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रीपेड टैक्सी सेवा शुरू होने के बाद टैक्सी चालकों तथा टैक्सी धारकों दोनों को ही लाभ मिलेगा।