डमटाल/इंदौरा (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के इंदौरा विस क्षेत्र में 29 जुलाई को प्रस्तावित दौरे को लेकर वीरवार को एसडीएम आबिद हुसैन सादिक ने अधिकारियों और ब्लॉक कांग्रेस इंदौरा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इससे पूर्व उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और जनसभा के प्रस्तावित स्थलों का भी निरीक्षण किया। बैठक के दौरान एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों को सीएम के दौरे को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपने के निर्देश दिए। 29 जुलाई को प्रस्तावित दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ढांगू माजरा हवाई अड्डे से इंदौरा पहुंचेंगे और ढांगू में नवनिर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन करेंगे। इसके उपरांत इंदौरा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही ब्लॉक कांग्रेस इंदौरा के पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ आगामी विस चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे। बैठक में इंदौरा के तहसीलदार ज्ञान चंद, नायब तहसीलदार चैन सिंह, आईपीएच विभाग के सहायक अधिशासी अभियंता रंजीत चौधरी, एसडीओ विजय शर्मा, लोनिवि विभाग के सहायक अभियंता रूप लाल, बीएमओ डॉ. कपिल शर्मा, बीडीओ विश्रुत भारती, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता भूपिंदर कटोच, इंदौरा थाना प्रभारी ओंकार सिंह, नूरपुर कांग्रेस संगठनात्मक जिला के अध्यक्ष कर्ण सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश कटोच, ब्लॉक युकां अध्यक्ष डॉ. अभिषेक ठाकुर, सुधीर सिंह कटोच, ठाकुर जर्म सिंह, कमल किशोर, वरिष्ठ नेता मलिंद्र राजन आदि कई कांग्रेसी कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।