ग्रामीण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सीयू में होगी कार्यशाला
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिक्षा स्कूल में नई तालीम अधिगम एवं सामुदायिक सहभागिता में शिक्षक समुन्नयन कार्यक्रम विषय पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण शिक्षा परिषद सात दिवसीय कार्यशाला लगाएगी। विवि में 25 से 31 मार्च तक चलने वाली सात दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ विवि के कुलपति प्रो. कुलदीप चंद अग्निहोत्री करेंगे। इसमें प्रदेश स्कूल बोर्ड के चेयरमैन डॉ.सुरेश सोनी विशेष अतिथि होंगे। कार्यशाला के संयोजक प्रो. मनोज कुमार सक्सेना ने बताया कि कार्यशाला में भारत के ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने पर बल दिया जाएगा। इसमें ग्रामीण अध्ययन, ग्रामीण विकास, ग्रामीण प्रबंधन, समाज कार्य और शिक्षा विषय सम्मिलित हैं। साथ ही इसके सैद्धांतिक और व्यावहारिक पक्षों से भी अवगत करवाया जाएगा। कार्यशाला के समन्वयक डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि कार्यशाला गांधी के दर्शन नई तालीम या बुनियादी शिक्षा पर आधारित है। सह समन्वयक डॉ. अनुजी एस ने बताया कि कार्यशाला में भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के शिक्षक भाग लेंगे।