सराह में विकास कार्यों में धांधली के आरोप
धर्मशाला। ग्राम पंचायत सराह के निवासियों ने पंचायत के विभिन्न वार्डों में करवाए जा रहे कार्यों पर धांधली के आरोप लगाए हैं। इस संदर्भ में ग्रामीणों ने एक शिकायत पत्र बीडीओ रैत को प्रेषित किया है। शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने बीडीओ से गुहार लगाई है कि ग्राम पंचायत सराह में किए जा रहे विकास कार्यों की जांच करवाई जाए। इस संदर्भ में ग्राम पंचायत सराह के बाशिंदे जगदीश, आंचल, संदीप, अक्षय, राजीव सहित अन्य लोगों ने लिखित शिकायत पत्र भी बीडीओ को भेजा है। उन्होंने मांग की है कि पंचायत में किए गए सभी कार्यों की जांच करवाई जाए, जिससे इस दौरान हुई धांधलियों को उजागर किया जा सके। वहीं, इस संदर्भ में बीडीओ मुनीश कुमार ने बताया कि उनके पास इसकी शिकायत आई है। जल्द शिकायत के आधार पर पंचायत में हुए कार्यों की जांच करवाई जाएगी।