छत से सीलन न आए, भवन के ऐसे नक्शे बनाओ
अतिरिक्त प्रधान सचिव ने आर्किटेक्ट को दी सलाह
हरीश चंद्र
धर्मशाला। अतिरिक्त प्रधान सचिव मुख्यमंत्री संजय कुंडू ने भवनों की छत से नीचे की सीलन पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के वर्तमान सरकारी भवन की छतों से नीचे की ओर सीलन आ रही है, जिससे भवन लंबे समय तक प्रयोग में नहीं लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब वह नड्डी से धर्मशाला कॉलेज की निर्माणधीन लैब की क्वालिटी जांचने आ रहे थे, तो उनकी नजर जोनल अस्पताल के भवन पर पड़ी। इसमें भवन की छत का नीचे की ओर से प्लास्टर उखड़ चुका था। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के विशेषज्ञों और आर्किटेक्ट से धर्मशाला के लिए ऐसे नक्शे बनाने को कहा, जिससे छत से नीचे की ओर सीलन न आए। इसके अलावा उन्होंने भवनों में बाहर की रोशनी जाने के लिए खिड़कियों के स्थान पर एलमोनियम लगाकर बड़ा स्पेस छोड़ें, जिससे बाहर से अधिक से अधिक रोशनी कमरों में आ सके। संजय कुंडू ने धर्मशाला कॉलेज की लैब बनाने वाले आर्किटेक्ट से यहां के लिए विशेष तौर पर नक्शे बनाने का आग्रह किया, जिससे सरकारी भवनों की आयु लंबी हो सके।