धर्मशाला कॉलेज में प्रवेश के लिए भारी उत्साह
पहले दिन बिके 1700 से अधिक प्रोस्पेक्टस
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। नेक के ए ग्रेड राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में पढ़ने के लिए बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला है। प्रवेश प्रक्रिया के पहले दिन कॉलेज में 1700 से अधिक प्रोस्पेक्टस बिके हैं। प्रवेश प्रक्रिया के पहले दिन ही महाविद्यालय में खासा उत्साह देखने को मिला। सोमवार को सुबह ही महाविद्यालय में प्रोस्पेक्टस के लिए हुजूम लगना शुरू हो गया था। दस बजे से शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया दो बजे तक चली। प्रवेश प्रक्रिया के लिए विभिन्न संकायों में प्रवेश के लिए अध्यापकों की कमेटियां गठित की गई हैं, जो अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र को प्राप्त करेंगी। वहीं, कॉलेज में आने वाले नए विद्यार्थियों को प्रवेश से संबंधित कोई परेशानी न हो, इसके लिए एनएसयूआई और एबीवीपी ने परिसर में गाइडेंस ब्यूरो स्थापित कर रखे हैं। यहां पर नए विद्यार्थियों को प्रवेश से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके साथ ही प्रवेश फार्म भरने में भी सहायता की जा रही है। उधर, कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्य प्रो. सपना बंटा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के पहले दिन कॉलेज में 1782 प्रोस्पेक्टस बिके हैं।