देखना मां मैं निराश नहीं करूंगी : कमलेश
पालमपुर के रोटरी भवन में सजी कवियों की महफिल
पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश हिंदी साहित्य निर्झर मंच की ओर से पालमपुर रोटरी भवन में कवि गोष्ठी का आयोजन करवाया गया। इसमें हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कवि और कवयित्रियों ने शिरकत की। कवयित्री कमलेश सूद की चाहत एक अजन्मी बेटी की थीम पर आधारित कविता देखना मां मैं निराश नहीं करूंगी तुम्हें मदर टेरेसा, रानी झांसी भी बनूंगी, सुनीता विलियम की तरह नाप दूंगी ब्रह्मांड सारा पर खूब तालियां बजीं। कवि सम्मेलन में पंजाब के कवि डॉ. लेखराज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कवयित्री एवं लेखिका कमलेश सूद की लिखित पुस्तक रिश्तों की डोरी और उपन्यासकार सुमन शेखर की लिखित अपरिचित चेहरा पुस्तक का विमोचन हिंदी साहित्य निर्झर मंच के अध्यक्ष नरेश कुमार उदास ने किया। गोष्ठी में डॉ. लेखराज, नरेश कुमार उदास, अर्जुन कनौजिया, कृष्ण अवस्थी, सुशील गौतम, सुरेश अवस्थी, सुनीता कोल और उषा कालिया आदि कवियों और कवयित्रियों ने अपनी कविताओं और गजलों से लोगों का मन मोहा। रोटरी क्लब पालमपुर के संस्थापक एवं पूर्व विधायक डॉ. शिव कुमार गोष्ठी में विशेष रूप से मौजूद रहे। इस मौके में डॉ. वीके सूद, वाईपी नागपाल, चंचल शर्मा, कपिल सूद और किरण शर्मा आदि मौजूद रहे।