प्रधानाचार्य ने सरकारी स्कूल में दाखिल करवाई बेटी
रक्कड़ (कांगड़ा)। एक तरफ इन दिनों लोगों में अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में दाखिला दिलवाने की होड़ चल रही है, वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बढलठोर के प्रधानाचार्य निर्मल सिंह गुलेरिया ने अपनी बेटी अंशिका गुलेरिया को सरकारी स्कूल में दाखिल करवाकर मिसाल पेश की है। प्रधानाचार्य की इस पहल का इलाके का हर वर्ग प्रशंसा कर रहा है। इनकी इस पहल को देखते हुए क्षेत्र के कई सरकारी मुलजिमों ने अपने बच्चों को निजी स्कूलों से निकालकर अब सरकारी शिक्षण संस्थानों में दाखिला दिलवाया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी को पिछले वर्ष सरकारी स्कूल में कक्षा नौवीं में दाखिल करवाया था जो अब दसवीं कक्षा की छात्रा है। उन्होंने कहा कि जो गुणवत्ता वाली शिक्षा छात्रों को सरकारी स्कूलों में मिल सकती है, वह निजी स्कूलों में ढूंढने से भी नहीं मिल सकती।