नूरपुर (कांगड़ा)। शहर को साफ-सुथरा बनाने और गली-मोहल्ले में घरों के बाहर फैले कूड़े-कचरे के ढेरों से निजात दिलाने के लिए नूरपुर नगर परिषद के पार्षदों की बैठक मिनी सचिवालय भवन में एसडीएम आबिद हुसैन सादिक की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नूरपुर शहर को गंदगी से निजात दिलाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा उठाने की योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। इस अवसर पर नूरपुर नगर परिषद की अध्यक्ष कृष्णा महाजन, कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने हिस्सा लिया। वहीं, पहली मार्च से डोर-टू-डोर कचरा उठाने की योजना की शुरुआत करने का निर्णय लिया गया। एसडीएम ने बताया कि नूरपुर नगर परिषद के तहत पड़ने वाले वार्ड एक से लेकर वार्ड 9 तक हर गली-मोहल्ले से डोर टू डोर कूड़ा-कचरा एकत्रित करने की योजना की शुरुआत करने जा रहे हैं। इसके लिए नूरपुर नगर परिषद के सभी वार्ड पार्षदों से भी सलाह-मशविरा किया गया है। नूरपुर शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए नूरपुर नगर परिषद के अलावा सभी पार्षदों ने भी पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया है। एसडीएम ने बताया कि सभी वार्डों में घर-द्वार से कचरा एकत्रित करने के लिए रेट भी तय किए गए हैं। इसमें एपीएल परिवारों से 60 रुपये प्रतिमाह, जबकि बीपीएल परिवारों से 30 रुपये प्रतिमाह वसूल किए जाएंगे। शहर के दुकानदारों से सौ रुपये महीने के लिए जाएंगे। यह योजना एक मार्च से शुरू की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से नूरपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए कचरा एकत्रीकरण योजना में अपना सहयोग देने की अपील की है। इस मौके पर नूरपुर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा, नप के कनिष्ठ अभियंता नरेश कुमार, नप अध्यक्ष कृष्णा महाजन, पूर्व अध्यक्ष एवं नगर पार्षद राकेश महाजन, पार्षद अश्वनी कुमार, निशा गुप्ता, पुष्पा चौधरी, विजय कुमारी इत्यादि मौजूद रहे।