अमर उजाला ब्यूरो
राजा का तालाब (कांगड़ा)। फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुटलाहड़ तलाड़ा राजमार्ग पर तलाड़ा रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे क्रासिंग पर दो करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से ओवरहेड ब्रिज का काम शुरू हो गया है। रेलवे मंत्रालय के ओवरहेड ब्रिज का काम शुरू करने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। इस पुल की मांग लोग करीब एक दशक से कर रहे थे, जो अब पूरी हुई है। अब क्षेत्र के लोगों को घर-द्वार तक अपने वाहन पहुंचाने में आसानी होगी। वहीं, कंपनी प्रोजेक्ट प्रबंधक ई. हरदीप सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन ओवरहेड ब्रिज की रेलवे ट्रैक से 22 फीट की ऊंचाई रहेगी। ओवरहेड ब्रिज का कार्य पूरा करने की समय अवधि छह माह की है। उधर, तलाड़ा से पूर्व जिला परिषद स्वरूप सिंह पठानिया ने बताया कि रेलवे लाइन क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरहेड ब्रिज के पूर्ण होने से आसपास पड़ते करीब एक दर्जन पंचायतों की करीब पच्चास हजार की आबादी को इसका लाभ मिलेगा। उधर, लंबरदार चूहड़ सिंह, पूर्व सरपंच मुलतान सिंह, स्थानीय पंचायत प्रधान उषा पठानिया, पूर्व मेंबर बलवंत सिंह, पूर्व प्रधान नीलम चौधरी, समिति मेंबर दर्शना देवी, उपप्रधान वासुदेव, पूर्व समिति मेंबर सुखदेव सिंह, पूर्व उपप्रधान डिंपल चौधरी, पूर्व वार्ड मेंबर राकेश कुमार, लंबरदार अंग्रेज सिंह, संतोष कुमारी, प्रोमिला शर्मा, सैना देवी, स्वर्ण सिंह, सूबेदार सागर सिंह, नाजर सिंह, नरेंद्र सिंह तथा भूमि राम ने प्रदेश सरकार और रेलवे मंत्रालय का आभार व्यक्त किया है।