वुशू में मंडी जिला ने झटके चार मेडल
वालीबॉल के फाइनल में पहुंची कुल्लू की टीम
अमर उजाला ब्यूरो
शाहपुर (कांगड़ा)। आईटीआई शाहपुर में चल रही राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की पुरुष वर्ग की 29 वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन कुल्लू जिला की टीम वालीबॉल के फाइनल में पहुंच गई है। वालीबॉल के पहले सेमीफाइनल मैच में कुल्लू ने चंबा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब फाइनल में उसका मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा । दूसरे सेमीफाइनल में कांगड़ा व शिमला के बीच मुकाबला होगा। इससे पहले कांगड़ा ने हमीरपुर को 29-27 व 29-27 के अंतर से और शिमला ने मंडी को हराया। वहीं, कबड्डी का पहला सेमीफाइनल कांगड़ा व सोलन के बीच और दूसरा सेमीफाइनल ऊना और बिलासपुर के बीच होगा। खो-खो में पहला सेमीफाइनल शिमला और मंडी और दूसरा सेमीफाइनल हमीरपुर व कुल्लू के बीच होगा वहीं बास्केटबॉल में पहला सेमीफाइनल हमीरपुर और कुल्लू और दूसरा सेमीफाइनल ऊना और किन्नौर के बीच होगा। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बास्केटबॉल में ऊना ने कांगड़ा को हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। वहीं, कबड्डी में सोलन ने सिरमौर को बिलासपुर ने किन्नौर को और कांगड़ा ने शिमला को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।वहीं, खो-खो में मंडी ने चम्बा को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वुशू में 48 ,52 , 75 और 85 किलोग्राम भार वर्ग की प्रतियोगिता में मंडी और कुल्लू का दबदबा रहा। मंडी के खिलाड़ियों ने दो गोल्ड, एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया , वहीं कुल्लू के खिलाड़ियों ने एक गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किए। बिलासपुर एक गोल्ड और सिल्वर के साथ तीसरे स्थान पर रहा। पहले मुकाबले के 48 किलोग्राम वर्ग में कुल्लू के रोहित ने गोल्ड , बिलासपुर के विक्रम ने सिल्वर और मण्डी के राजेंद्र और किन्नोर के रोहित कुमार ने ब्रांज मेडल प्राप्त किया । 52 किलोग्राम वर्ग में बिलासपुर के सुनील कुमार ने गोल्ड, किन्नौर के दीनानाथ ने सिल्वर, कुल्लू के जयपाल और चंबा के खेमराज ने ब्रांज मेडल पर कब्जा किया। 75 किलोग्राम वर्ग में मंडी के राजेंद्र कुमार को गोल्ड और कुल्लू के विवेक ठाकुर को सिल्वर मैडल से संतोष करना पड़ा। 85 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड और सिल्वर मैडल मंडी के खाते में गए। मेडी के आदर्श को गोल्ड व हैप्पी को सिल्वर और कुल्लू के योगेश गुलेरिया को ब्रांज मेडल से संतोष करना पड़ा।