धीरा सीएचसी में 108 की सुविधा जल्द : परमार
निशुल्क दवाइयों को 50 करोड़ का प्रावधान
मल्टी स्पेशलिस्ट हेल्थ शिविर का किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
धीरा/पालमपुर(कांगड़ा)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश में जरूरतमंद और गरीब लोगों को गंभीर बीमारियों में चिकित्सा सहायता के लिए लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष का गठन कर उसमें 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है। निशुल्क दवा नीति के तहत 66 दवाएं निशुल्क दी जा रही थीं। अब इन्हें बढ़ाकर निशुल्क दवाओं की संख्या को 330 किया गया है। इसके लिए बजट में 50 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सरकारी अस्पतालों में लोगों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध करवाने के लिए विभाग को आदेश दे दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धीरा में मल्टी स्पेशलिटी हेल्थ कैंप का शुभारंभ किया। इस दौरान विशेषज्ञों की सुविधाओं सहित शिविर में स्वास्थ्य जांच के अतिरिक्त विकलांगता प्रमाण पत्र भी बनाए जा रहे हैं। जिन लोगों के आंखों के ऑपरेशन होने हैं, उन लोगों के लिए 26 मार्च को धर्मशाला जोनल अस्पताल के लिए निशुल्क वाहन की सुविधा उपलब्ध होगी। धीरा सीएचसी में 108 एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। धीरा में सप्ताह में तीन दिन रेडियोग्राफर उपलब्ध करवाने के लिए विभाग को आदेश दिए। परमार ने मुख्यमंत्री राहत कोष से सुलह हलके के पांच लाभार्थियों को एक लाख 1200 रुपये के चेक वितरित किए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. आरएस राणा ने शिविर की जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष देशराज शर्मा, महामंत्री चंद्रवीर शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष सुनील, प्रधान कविता धरवाल और डॉ. विनय महाजन आदि मौजूद रहे।