अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। विद्युत पेंशनर कल्याण एसोसिएशन खंड इकाई नगरोटा बगवां ने चिकित्सा भत्ता 350 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये करने की मांग की है। स्थानीय नारदा शारदा मंदिर परिसर में इंजीनियर आरके धीमान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस मांग के अलावा 65, 70 और 75 वर्ष की आयु वाले पेंशनरों को सरकार से मिलने वाले 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त भत्ते को मूल वेतन में जमा करने की मांग भी की गई। इकाई सचिव विधिचंद कौशल ने बताया कि बैठक में इस हलके से नव निर्वाचित भाजपा विधायक अरुण कुमार कूका को बधाई प्रस्ताव पारित करके उनसे संघ की मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया गया। बैठक में संघ के पूर्व प्रधान इंजीनियर प्यार सिंह की धर्मपत्नी के देहांत पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर इंजीनियर केके गुप्ता, मुलखराज, केवल कौशल, शेर सिंह, सुभाष कुमार, कुलदीप धीमान, कर्मचंद, स्वरूप चंद, ईश्वर दास, नंद कुमार, सीताराम, बोधराज और कमला धीमान मौजूद रहे।