देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। उच्च न्यायालय के आदेशानुसार देहरा प्रशासन ने देहरा बाजार से अवैध कब्जे हटाने के लिए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने वीरवार को बाजार में सरकारी जमीन की निशानदेही नगर पंचायत एवं लोकनिर्माण विभाग कर्मियों की उपस्थिति में करवाई। किसी हंगामे की संभावना को लेकर पुलिस के जवान भी इस अवसर पर मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से देहरा बाजार के अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। प्रशासन की ओर से अवैध रूप से लगाई गई दुकानों और रेहड़ी-फड़ियों को हटाने की संभावना से यहां काम करके रोजी कमाने वाले लोगों के चेहरे मुरझा गए। एसडीएम देहरा मलोक सिंह ने बताया कि बाजार में आने वाले लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने के लिए प्रशासन ने माननीय उच्च न्यायालय के आदेशानुसार बाजार को खुला बनाने के लिए यहां से अवैध कब्जे हटाने का निर्णय लिया है। निशानदेही के बाद लोकहित में प्रशासन बाजार के अवैध कब्जों को हटाने के लिए कार्रवाई शीघ्र ही शुरू कर देगा। लोनिवि के जेई रविंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार, पटवारी शशी राणा, गोपाल सिंह, राजकुमार और जेई कमलकांत आदि उपस्थित रहे।