तीन-चार दिन बंद रहेगा कूहलों का निर्माण
थुरल (कांगडा)। कृषक विकास संघ एवं सिंचाई जल उठाऊ सभा की बैठक की अध्यक्षता संघ के प्रधान प्रीतम चंद ने की। बैठक में इलाके के गांव कुरल भेड़ी और रडौ़ता गांवों की भूमि के लिए किसानों से आवेदन मांगने का निर्णय लिया गया। कहा कि किसान सामूहिक तौर पर एक साथ अपने आवेदन संघ के महासचिव के पास जमा करवा सकते हैं। संघ के प्रधान प्रीतम चंद ने बताया कि इलाके के किसानों के खेतों में बरसीन, साग एवं सब्जियों की बिजाई के लिए सिंचाई आपूर्ति की अति आवश्यकता है। सिंचाई के लिए कूहलों में पानी लाना जरूरी है, इसके लिए तीन-चार दिन कूहलों के निर्माण कार्य को बंद रखने के लिए ठेकेदार से मांग की जाएगी। खेतों में एक बार भूमि की सिंचाई की जाएगी और उसके बाद 15 दिन के बाद ही सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। इस मौके पर संघ के महासचिव मिलापचंद, उत्तम चंद, प्रभात सिंह, राजेश कुमार, अजय कुमार, पिपलू राम और करतार चंद आदि मौजूद रहे।