धीरज शर्मा ने नचाया तो
प्रिंस ने हंसाया कांगड़ा
पहाड़ी गायकों के नाम रही कांगड़ा उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या
सारेगामा फेम पायल ठाकुर और नीतीश राजपूत ने भी बांधा समा
अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। नगर परिषद मैदान कांगड़ा में आयोजित कांगड़ा उत्सव की दूसरी शाम पहाड़ी गायक धीरज शर्मा और पायल ठाकुर के नाम रही। धीरज शर्मा ने पहाड़ी गानों पर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मंच संभालते ही उन्होंने कजो भेडलियां चरांदी धारा धारा गीत गाकर पूरे पंडाल को पहाड़ी माहौल में रंग दिया। इसके बाद उनकी नॉन स्टाप नीलमा की प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, इससे पहले सारेगामा फेम पायल ठाकुर की दिलकश आवाज ने भी कांगड़ा उत्सव में रौनक बिखेर दी। वहीं, चंबा से लोकप्रिय गायक नितीश राजपूत ने चंबा आर की नदिया पार गीत सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम शशिपाल नेगी ने किया। उत्सव में विक्रांत सिंह, विजय सिंह ठाकुर और अतुल पठानिया ने अपनी दमदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं, प्रिंस गर्ग की कामेडी ने दर्शक लोट पोट किया। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में सेलिब्रिटी गेस्ट के तौर पर कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन के सवालों का सामना करने वाली शिमला की प्रिती किमटा, वंदना ठाकुर, जिनिया शर्मा और मिनाक्षी गोमरे उपस्थित रहीं। कांगड़ा उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में कलाकार विक्रांत सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए अपने अंदाज में गीत गाकर प्रेरित किया।