ड्यूटी में कोताही बरतने पर हटाए सुरक्षा कर्मी
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में भीषण गर्मी के बीच बाहरी राज्यों से भारी संख्या में मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रशासन ने मंदिर में तैनात होमगार्ड सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी में कोताही बरतने पर हटा दिया है। मंदिर प्रशासन को मंदिर में तैनात होमगार्ड जवानों की ड्यूटी में कोताही की शिकायतें मिल रही थीं। सीसीटीवी कैमरे में भी कोताही पाई गई। मुख्य मंदिर से लेकर लंगर परिक्रमा मार्ग पर लाइनें नहीं लग रही थीं। यात्रियों का हजूम इकट्ठा हो रहा था, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही थी। ड्यूटी में कोताही की शिकायत मिलने पर कार्रवाई अमल में लाते हुए मंदिर में तैनात जवाबदेह सुरक्षाकर्मियों को मंदिर से बदल दिया गया है और अन्य सुरक्षाकर्मियों को भी सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मंदिर अधिकारी वेद प्रकाश अग्निहोत्री का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुविधा देने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ ड्यूटी में कोताही बरतने पर कार्रवाई की गई है।