होटलों में पर्यटकों को पत्तल में परोसें खाना
खबरू और करेरी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा : सरवीण
सल्ली में पर्यटन गतिविधियों को दिया जा रहा बढ़ावा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहपुर(कांगड़ा)। शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सल्ली में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं इसमें स्थानीय लोगों की सहभागिता बढ़ाने के लिए आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंत्री सरवीण ने कहा कि सरकार ने पर्यटन के बढ़ावे को नई राहें, नई मंजिल योजना की शुरूआत की है। इससे अनछुए पर्यटन स्थलों को चिह्नित कर वहां पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि इन स्थलों की ओर पर्यटकों का रुझान बढ़े। अनछुए क्षेत्रों में सड़क, परिवहन, पार्किंग एवं मूलभूत सुविधाओं की संरचना की जाएगी। सल्ली क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इनसे समुचित लाभ लेने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। लमडल ट्रैक को ठीक करने के अलावा खबरू एवं करेरी को भी पर्यटन की दृष्टि से और विकसित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां की खूबसूरती को निहार सकें। वहीं, होटल मालिकों को अपने होटलों में व्यंजन परोसने के लिए प्रयोग के तौर पर हिमाचली पत्तल इस्तेमाल करने का सुझाव दिया। मंत्री ने कहा लाहड़ी में भूस्खलन की रोकथाम को 15 लाख रुपये धनराशि स्वीकृत की है। दरिणी -सल्ली सड़क पर 25 लाख व्यय कर ढाई किलोमीटर सड़क की टारिंग की जा रही है। इस मौके पर एसडीएम शाहपुर जगन ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण संजीव महाजन, प्रधान सल्ली अनिल महाजन, नायब तहसीलदार दरिणी राजिंदर कुमार, बीडीसी चेयरमैन विजय, ओंकार नैहरिया, प्रेम सागर,कमल शर्मा, अश्वनी चौधरी, राकेश मनु, रूपेश कुमार, सुशील धीमान, डॉक्टर अमित कुमार आदि मौजूद रहे।