अमर उजाला ब्यूरो
डमटाल/इंदौरा (कांगड़ा)। प्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस धर्म चंद चौधरी ने शनिवार को इंदौरा कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ रजिस्ट्रार हाईकोर्ट विजिलेंस आरबी मल्होत्रा और जिला सत्र न्यायाधीश पुरेंदर वैद्य विशेष तौर पर उपस्थित रहे। यहां पहुंचने पर इंदौरा बार एसोसिएशन के सदस्यों और इंदौरा कोर्ट के स्टाफ और अधिकारियों ने जस्टिस चौधरी को गुलदस्ता भेंट किया। इसके उपरांत जस्टिस चौधरी ने बार एसोसिएशन के सदस्यों और लोनिवि के अधिकारियों के साथ इंदौरा कोर्ट परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कोर्ट के भवन और अन्य समस्याओं का जायजा लिया। साथ ही बार एसोसिएशन ने जस्टिस के साथ बैठक की और उन्हें कोर्ट में पेश आ रही समस्याओं से अवगत करवाया। जिसमें अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैंबरों की जल्द व्यवस्था करने के लिए जस्टिस चौधरी के समक्ष मांग रखी गई। जस्टिस चौधरी को उनके सहपाठी वरिष्ठ अधिवक्ता अजय पठानिया ने अन्य अधिवक्ताओं सहित जस्टिस को उनकी स्कूल की फोटो भेंट कर पुरानी यादों को ताजा किया। इस अवसर पर इंदौरा के प्रथम श्रेणी न्यायाधीश निरंजन सिंह, सहायक जिला न्यायवादी इंदौरा संजीव लाखा, सेवानिवृत्त जिला न्यायवादी कृष्ण कुमार चौधरी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप कटोच पूर्व अध्यक्ष अजय पठानिया, वरिष्ठ अधिवक्ता हरबंस कटोच, राम कुमार शर्मा, अश्वनी महंत, पंकज शर्मा, सौरभ शर्मा, जसबीर कटोच आदि कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।