धर्मशाला (कांगड़ा)। खनियारा संघर्ष समिति की बैठक अध्यक्ष विकास छेत्री की अध्यक्षता में हुई। बैठक में चुनाव आचार संहिता लगने के बाद विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति बनाने का फैसला लिया गया। इस दौरान समिति ने खनियारा गांव के अस्तित्व और मुद्दों पर चर्चा की। समिति का कहना है कि कुछ जटिल समस्याएं हैं, जिनसे खनियारा के लोग जूझ रहे हैं। लेकिन, एमसी के चुनाव के दौरान किए जनता से वायदे पूरे नहीं हो सके हैं। इन मुद्दों को लेकर रणनीति बनेगी और पूरे गांव में समिति अपना जनसंपर्क अभियान चलाएगी। विकास छेत्री ने कहा कि खनियारा पर जब जबरदस्ती नगर निगम थोपा गया था, उसकी याचिका न्यायालय में दायर की है। इसकी सुनवाई न्यायालय में चल रही है। उन्होंने कहा कि समिति ने शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा और नगर निगम की मेयर रजनी व्यास से खनियारा के संबंध में कई सवाल पूछे थे। लेकिन, अब तक उनका जवाब नहीं मिल पाया है। इससे खनियारा के लोगों में भारी रोष है। समिति की बैठक में तेजराम, वेद प्रकाश, विकास छेत्री, राजेश कुमार, तरुण शर्मा, नीरज सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।