तिरंगे में लिपटी बेटे की देह को देख बिलख-बिलख कर रोई मां
बढाल के जवान की असम में ड्यूटी के दौरान बीमारी से मौत पर गांव में शोक
अमर उजाला ब्यूरो
संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र जसवां परागपुर की ग्राम पंचायत बाडी के गांव बढाल के असम राइफल की पैरा मिलिट्री फोर्स के एक जवान की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई है। बढाल गांव के 55 वर्षीय केवल कृष्ण पुत्र अमीचंद की पिछले कुछ दिनों से तबीयत अचानक खराब हो गई थी। परिजनों के अनुसार 26 जनवरी को उनका देहांत हो गया था। असम से सोमवार सुबह जैसे ही जवान का पार्थिक शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा तो गांव के हर शख्स की आंख नम हो गई। तिरंगे में बेटे के पार्थिव शरीर को लिपटे देखकर मां सत्या देवी बेसुध हो गई। मां बेटे के मुंह पर हाथ फेरते हुए बोली कि बेटा जाने की उम्र तो मेरी थी तू क्यों इस दुनिया से चला गया। जवान अपने पीछे पत्नी, मां, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। सेना के जवानों ने श्मशानघाट पर केवल कृष्ण की देह को पुष्पांजलि अर्पित की। श्मशानघाट पर दोनों बेटों ने पिता के मुंह को सहलाते हुए अंतिम विदाई दी। प्रशासन की ओर से कोई प्रशासनिक अधिकारी जवान को अंतिम विदाई देने नहीं पहुंचा।