पंचायत समिति परागपुर से हटाए समिति उपाध्यक्ष
उपाध्यक्ष के पक्ष में पड़ा एक मत, 21 ने किया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
परागपुर (कांगड़ा)। पंचायत समिति परागपुर से समिति उपाध्यक्ष को बहुमत से हटा दिया। उपाध्यक्ष के पक्ष में एक मात्र उनका ही वोट पड़ा, जबकि उनका विरोध करने वालों में 21 सदस्य शामिल रहे। जानकारी के अनुसार मंगलवार को समिति उपाध्यक्ष मुजेश कुमार को हटाए जाने का प्रस्ताव बहुमत से पारित हुआ। मुजेश कुमार के पक्ष में अन्य सदस्यों का एक भी मत न मिलने के कारण उन्हें तत्काल प्रभाव से उपाध्यक्ष पंचायत समिति पद से हटा दिया गया। जानकारी के अनुसार मुजेश को उपाध्यक्ष पद से हटाने की कार्रवाई पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते हुई है। चुनाव जीतने के बाद मुजेश कुमार को कांग्रेस समर्थित सदस्यों ने उपाध्यक्ष पद की कुर्सी पर बैठाया था लेकिन जसवां परागपुर विस क्षेत्र से उपाध्यक्ष के चुनाव लड़ने की वजह से कांग्रेस समर्थित सदस्यों ने भी अपना समर्थन वापस ले लिया। यही कारण रहा कि मंगलवार को पारित हुए अविश्वास प्रस्ताव में मुजेश कुमार के समर्थन में एक भी मत नहीं पड़ा। वहीं, उपस्थित पंचायत समिति सदस्यों ने नए उपाध्यक्ष का चुनाव करवाने हेतु तिथि का निर्धारण और पीठासीन अधिकारी प्रतिनियुक्त करने की मांग जिला पंचायत अधिकारी से की है। इस संदर्भ में बीडीओ परागपुर ओपी ठाकुर ने बताया कि नए उपाध्यक्ष का चयन आदेश मिलने के बाद किया जाएगा।