अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। सांसद शांता कुमार ने राजपुर में उप डाकघर का उद्घाटन किया। शांता ने कहा कि डाक विभाग भारत का सबसे बड़ा और पुराना विभाग है। यह देश के करोड़ों लोगों को जोड़ने का काम करता है। आज के आधुनिक साधनों से भले ही दूरसंचार में कई बातें आगे निकल गई हैं। लेकिन, डाक विभाग का आज भी अपना महत्व है। यह भी अपने काम में किसी से कम नहीं है। भले ही पत्राचार और वार्तालाप के कई साधन चल पड़े हैं। लेकिन, उन्हें आज भी याद है कि किसी अपने का संदेश आने के लिए हर किसी को डाकिए का इंतजार रहता था, जो आज भी चला हुआ है। डाकघर में अब लोगों को कई सुविधाएं मिलने लगी हैं। पैसे का लेनदेन तो है ही, साथ में अब एटीएम सुविधा भी मिलने लगी है। केंद्र और प्रदेश सरकार लोगों को सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में अनेक सुविधाओं का विस्तारीकरण किया गया है। सरकार अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है। शांता कुमार ने सांसद निधि से राजपुर पंचायत को 15 सोलर लाइटें देने की घोषणा की। डाक मंडल धर्मशाला के अधीक्षक आरके चौधरी ने बताया कि अब उपभोक्ताओं को इस डाकघर में सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस मौके पर एसडीएम पंकज शर्मा, डाकघर अधीक्षक धर्मशाला मंडल आरके चौधरी और नायब तहसीलदार चरणदास मौजूद रहे।