बैजनाथ (कांगड़ा)। गद्दी डोगरी और गद्दी लोहार यूनियन कांगड़ा-चंबा की बैठक यूनियन के संयोजक अधिवक्ता राज कपूर की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में गद्दी, लोहार, धोगरी समुदाय को आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई और निर्णय लिया गया कि विधानसभा चुनावों में समुदाय से हो रहे भेदभाव से प्रत्याशियों को अवगत करवाया जाएगा। राजकपूर ने कहा कि कांगड़ा और चंबा में रहने वाली गद्दी समुदाय की उपजातियां गद्दी डोगरी, लोहार, सिप्पी, वाडी, हाटी से संबंधित हजारों लोग अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1864 के संशोधित सेटलमेंट के हिसाब से समुदाय को दो ग्रेड में विभाजित किया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रेड एक के तहत आने वाली जातियों को गद्दी उपजाति में शामिल किया है, जबकि ग्रेड दो में आने वाली जातियों को यह दर्जा नहीं मिल सका है। दोनों ग्रेडों के तहत आने वाली जातियों का रहन-सहन और रीति-रिवाज एक जैसे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अनेक बार राजनीतिक पार्टियों के माध्यम से अवगत करवाया गया, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका है। उन्होंने प्रदेश राजस्व अभिलेख विभाग से ग्रेड दो में आने वाली जातियों सिप्पी, धोगरी, लोहार, वाडी, हाली को गद्दी उपजाति के राजस्व अभिलेख में दर्ज करने का आग्रह किया है।