प्रशासन ने ढाबा संचालकों को दी हिदायतें
कांगड़ा। स्थानीय प्रशासन ने कांगड़ा उपमंडल के तहत आते ढाबा मालिकों, रेस्टोरेंट संचालकों और हलवाइयों और अन्य दुकानदारों के लिए रसोई गैस सिलेंडर की बेहतर उपयोगिता के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मिनी सचिवालय में किया। एसडीएम शशी पॉल नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दुकानदारों को आपातकाल में रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने या गैस की लीकेज होने पर बचाव के उपाय फायर ब्रिगेड विभाग के कर्मचारियों और इंडियन ऑयल के कार्यकर्ताओं ने बताए। मिनी सचिवालय में एक डेमोस्ट्रेशन करवाकर गैस सिलेंडर को आग लगने दौरान उस पर काबू कैसे पाया जा सकता है, के उपाय भी दुकानदारों को बताए गए। नेगी ने बस अड्डा और मेन बाजार में कार्यरत हलवाइयों और ढाबा मालिकों को रसोई गैस सिलेंडर के प्रबंधन के बारे में विशेष हिदायतें दीं, ताकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में कोई अप्रिय घटना न घटे। बैठक में डीएसपी पूर्ण चंद, फायर ब्रिगेड अधिकारी और लगभग 50 दुकानदारों ने हिस्सा लिया।