ज्वालामुखी में अवैध होटलों पर होगी कार्रवाई
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी शहर में अवैध होटलों और गेस्ट हाउसों पर प्रशासन कभी भी कार्रवाई कर सकता है। इसके लिए डीएसपी ने बैठक कर पुलिस टीम को निर्देश जारी कर दिए हैं। डीएसपी ज्वालामुखी योगेश दत्त जोशी ने बताया कि ज्वालामुखी में जितने भी होटल और गेस्ट हाउस चल रहे हैं, उनका खाका तैयार किया जाएगा। अवैध होटल और गेस्ट हाउस पर प्रशासन कार्रवाई करेगा। पुलिस प्रशासन सभी होटलों और गेस्ट हाउसों में दबिश देगा और वहां की सभी सुविधाओं की जांच की जाएगी। पर्यटन स्थल और शक्तिपीठ के मद्देनजर ज्वालामुखी के सभी होटलों में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य है। इसके लिए सभी होटलों और गेस्ट हाउसों को चेक किया जाएगा। डीएसपी ने बताया कि सभी होटल और गेस्ट हाउस को चेक करने के लिए एसएचओ को निर्देश जारी कर दिए गए हैं साथ ही यह भी रिकॉर्ड बनाया जाएगा कि कितने होटल वैध हैं और कितने अवैध। इसके साथ ही डीएसपी योगेश दत्त जोशी ने विभिन्न पंचायतों के प्रधानों के साथ आपदा प्रबंधन से निपटने के लिए बैठक की। डीएसपी ने बताया कि प्रशासन आपदा से निपटने के लिये हर संभव प्रयास करेगा।