जसूर (कांगड़ा)। उपमंडल नूरपुर में योग दिवस को लेकर विशेष तैयारी की गई है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के 20 प्रशिक्षित योग शिक्षक विभिन्न स्थानों पर नियमित योगाभ्यास सत्र संचालित कर रहे हैं। उपमंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. शरद चंद्र त्रिवेदी ने बताया कि अब तक 10,000 से अधिक लोग इन सत्रों से लाभान्वित हो चुके हैं। प्रशिक्षक स्कूलों, बीएड कॉलेज, आईटीआई, आंगनबाड़ी केंद्रों, नशा मुक्ति केंद्रों और पंचायत स्तर पर योग सत्र आयोजित कर रहे हैं। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग, रखी गई है। इस संदेश को फैलाने के लिए हरित योग अभियान के तहत सभी आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में पौधरोपण किया गया है।