धर्मशाला। कोतवाली बाजार स्थित जामा मस्जिद में ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर धर्मशाला व आसपास के इलाकों से सैकड़ों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अता कर देश में अमन चैन की दुआ मांगी। जामा मस्जिद के मौलवी मोहम्मद कामिल ने समुदाय के लोगों को आपसी सौहार्द और भाईचारे की डोर को और मजबूत करने का संदेश दिया। इस मौके पर मुस्लिम लोगों ने एक-दूसरे के गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी।