सुकांत मजूमदार, केंद्रीय मंत्री (file photo)
- फोटो : ANI
केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार कुल्लू-मनाली की हसीन वादियों के मुरीद हो गए हैं। इन दिनों कुल्लू जिला के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने मुक्तकंठ से कुल्लू की खूबसूरती और यहां पर होनी वाली रिवर राफ्टिंग की तारीफ की है। मंगलवार को उन्होंने परिवार के साथ बबेली से बाशिंग के बीच ब्यास नदी की लहरियों के बीच राफ्टिंग का आनंद उठाया, जिसका सारा प्रबंध रिवर राफ्टिंग एसोसिएशन की ओर से किया गया था। राफ्टिंग के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोग घूमने के लिए विदेश जाते हैं, वे कुल्लू आएं। यहां पर रिवर राफ्टिंग का आनंद उठाएं और इसका हिस्सा बनें। गौर रहे कि 26 मई को केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार मनाली पहुंचे थे। यहां पर उनका पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष मनोज लारजे ने स्वागत किया था। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार को राज्य अतिथि का दर्जा दिया गया है। बुधवार को वह कुल्लू एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।