नशा लेते चार युवकों का वीडियो हुआ था वायरल, तीन के खिलाफ एनडीपीएस का मामला दर्ज
एक युवक की रिपोर्ट का अभी इंतजार, 17 जुलाई को हुआ था वीडियो वायरल
आरएफएसएल मंडी ने जारी की तीन युवकों की रिपोर्ट, नशीली दवाओं का सेवन करने की हुई पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी/हमीरपुर। पुलिस थाना बड़सर के तहत इंजेक्शन के माध्यम से नशा करते चार युवकों का वीडियो वायरल होने के मामले में तीन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। 17 जुलाई को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें कुछ युवकों को इंजेक्शन से नशा करने का प्रयास करते हुए देखा गया। इनकी तलाश कर उनसे पूछताछ की गई। उप निरीक्षक अश्वनी के नेतृत्व में थाना बड़सर की एक टीम ने वायरल वीडियो की सत्यता को प्रमाणित करके वीडियो में दिखाई देने वाले युवकों की पहचान शुभम पटियाल निवासी गांव गुतयाणा, दीपांशु शर्मा व सुदांशु शर्मा दोनों निवासी मैहरे तथा शिव कुमार निवासी भकरेड़ी के रूप में हुई थी।
पुलिस टीम ने चारों का सीएचसी बड़सर में चिकित्सा परीक्षण करवा कर उनके यूरिन व खून के नमूनों को प्रिजर्व करवाकर रासायनिक परीक्षण के लिए आरएफएसएल मंडी को भेजा गया था। अब आरएफएसएल मंडी से शुभम पटियाल, दीपांशु शर्मा व सुदांशु शर्मा के सैंपल की विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। इसमें पाया गया है कि शुभम पटियाल, दीपांशु शर्मा व सुदांशु शर्मा ने नशीली दवाओं का सेवन किया हुआ था तथा शिवा के खून व यूरिन के नमूनों की रिपोर्ट अभी आरएफएसएल मंड़ी से प्राप्त नहीं हुई है। इसका अभी इंतजार है। आरएफएसएल मंडी से प्राप्त विश्लेषण रिपोर्ट के आधार पर थाना बड़सर में शुभम पटियाल, दीपांशु शर्मा तथा सुदांशु शर्मा के विरुद्ध थाना बड़सर में एनडीपीएस का मामला दर्ज हुआ है।