घायल की पत्नी ने पड़ोसी युवक के खिलाफ दी शिकायत, वारदात के बाद आरोपी फरार
ठाणा बजूरी गांव में हुई वारदात, पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। थाना सदर के तहत ठाणा बजूरी गांव में मंगलवार देररात हुई मारपीट के मामले में गंभीर रूप से घायल युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मारपीट के दौरान आरोपी युवक ने दराट से विशाल पर छह से सात दफा सिर और बाजू पर वार किए। इससे उसे गंभीर चोटें लगी हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी युवक मौके से फरार है। जांच में पाया गया है कि रास्ते को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। नैंसी देवी पत्नी विशाल सिंह चौहान निवासी गांव ठाणा बजूरी तहसील टौणीदेवी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसका पति विशाल घर पर मौजूद था। उसी समय पड़ोसी तक्ष उनके आंगन में पहुंचा और गुस्से में पति से गाली गलौज की। इस दौरान आरोपी अपने घर से दराट लेकर आंगन में आया और उसके पति के सिर, बाजू व हाथ-मुहं पर दराट से लगातार 6 से 7 वार कर दिए। परिवार के लोगों ने बीच बचाव किया लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया। इस बीच पुलिस को सूचना दी गई और घायल विशाल को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचार के लिए लाया गया। यहां पर उपचार के बाद उसे पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश जारी है।