नादौन के बेला में व्यास में डूबे युवक के सर्च ऑपरेशन में जुटे पुलिस कर्मी व स्थानीय लोग
नादौन(हमीरपुर)। थाना नादौन के तहत आने वाले बेला गांव में एक युवक ब्यास नदी में डूब गया है। युवक किस लिए नदी में उतरा था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। युवक को तलाश करने के लिए सर्च ऑपरेशन कुछ देर के लिए शुरू किया गया था लेकिन अंधेरे की वजह से युवक का कोई सुराग नहीं लगा है।
युवक की पहचान गौरव कुमार (21) पुत्र दिनेश कुमार गांव बेला तहसील नादौन के तौर पर हुई है। वह लुथान गांव में किसी काम से गया था और वहां अपने साथियों सहित नदी किनारे गया था। इसी दौरान वह ट्यूब की मदद से नदी के समीप बेला गांव के साथ सटे किनारे की ओर आया। उसके दोस्तों अंकित कुमार तथा संजीत कुमार ने बताया कि दूसरे किनारे पर पहुंचकर उसने अपने गीले कपड़े उतारे और जैसे ही वह वापस मुड़ने लगा तो जिस ट्यूब पर तैर कर गया था, वह बहने लगी। ट्यूब को पकड़ने के लिए वह पानी में उतर गया, जबकि दोनों दोस्त दूसरे छोर से उसे ऐसा करने से मना करते रहे और देखते ही देखते वह पानी में समा गया। अंकित और संजीत ने बताया कि उन्होंने उसे निकालने का भरसक प्रयास किया परंतु उन्हें सफलता नहीं मिलने पर तुरंत गांववासियों को सूचना दी। पता चलते ही पूरा गांव वहां पहुंच गया और उसे ढूंढने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गृह रक्षक कमांडेंट सुशील कुमार से मदद भेजने का आग्रह किया। जांच अधिकारी एसआई अंदेश कुमार ने बताया कि युवक को ढूंढने का प्रयास जारी है तथा नदी किनारे उसके कपड़े व अन्य सामान बरामद कर लिए गया है।