हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के सभी वार्डों में उपभोक्ताओं को 31 मार्च से पहले गृहकर अदा करने पर 10 फीसदी छूट मिलेगी। समय पर गृहकर न देने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं को मगर परिषद नोटिस जारी करेगी। नोटिस जारी करने से पूर्व शहरभर के सभी वार्डों के डिफाल्टर उपभोक्ताओं की सूची तैयार की जाएगी।
नगर परिषद हमीरपुर के गृहकर के रूप में करीब 60 लाख रुपये गृहकरदाताओं के पास फंसे हुए हैं। इससे नगर परिषद के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रत्येक वर्ष नगर परिषद हमीरपुर की ओर से शहरभर के उपभोक्ताओं को गृहकर अदा करने के लिए 10 से 20 फीसदी छूट प्रदान की जाती है लेकिन कुछेक उपभोक्ता समय पर गृहकर अदा करने में आनाकानी करते हैं। इससे नगर परिषद के विकासात्मक कार्य प्रभावित होते हैं। ऐसे में अब नगर परिषद की ओर से 31 मार्च तक गृहकर अदा न करने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करने का निर्णय लिया है ताकि समय पर गृहकर का भुगतान हो सके। इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि 11 वार्डों के उपभोक्ताओं को 31 मार्च तक गृहकर अदा करने पर 10 फीसदी छूट प्रदान की जा रही है। सभी उपभोक्ता समय पर गृहकर अदा करें। समय पर गृहकर अदा न करने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी होंगे।