सचित्र
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत कैहरवीं के गांव कैहरवीं की संपर्क सड़क के 200 मीटर हिस्से पर पेबर टाइलें डालने का कार्य शुरू हुआ। गांवों के लोग खुद इस कार्य के लिए राशि खर्च कर रहे हैं। कार्य में लगे मजदूर और मिस्त्री भी इस कार्य के लिए मेहनताना नहीं लेंगे। करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क को सीमेंट से एक साल पहले पक्का किया जा रहा था। इस कार्य पर विधायक निधि से पैसा खर्च हो रहा था, लेकिन करीब 200 मीटर का हिस्सा किसी कारणवश छूट गया था। अब इस हिस्से पर ग्रामीण खुद पेबर टाइलें डलवा रहे हैं। ग्राम पंचायत कैहरवीं के प्रधान गौरव शर्मा ने कहा कि जल्द ही कार्य को संपन्न कर लिया जाएगा। लोग निस्वार्थ भावना से इस कार्य को करवाने के लिए आर्थिक सहयोग कर रहे हैं।
कैहरवीं की ओर जाने वाली सड़क पर जारी है पेबर टाइलें डालने का कार्य। स्रोत : ग्रामीण