नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत कोहला गांव की एक महिला ने घरेलू झगड़े के कारण जहरीली दवाई का सेवन कर लिया। जैसे ही महिला की तबीयत बिगड़ी उसके पति व मायके वाले तुरंत उसे नादौन अस्पताल ले आए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता को हमीरपुर रेफर कर दिया गया। अपने बयान में पीड़िता अंजू बाला (26) पत्नी मुनीष कुमार ने बताया कि उसका पति दिल्ली में नौकरी करता है, परंतु आजकल घर पर ही है। जिसके कारण उन्होंने अपने घर के पास एक निर्माण कार्य शुरू किया है, इसी कार्य को लेकर उसका व उसके पति का विवाद ससुर के साथ चल रहा है। बुधवार दोपहर अंजू व उसके पति का ससुर के साथ विवाद हो गया और गुस्से में अंजू ने जहरीली दवा खा ली। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर अंजू व उसके पति के बयान ले लिए हैं। थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है। वहीं, डॉक्टर लेखराज धीमान ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद पीड़िता को हमीरपुर रेफर कर दिया गया है।