संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र सदर से भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा ने मतदान से एक दिन पहले ग्राम पंचायत नाल्टी के डकोल और पटियाहु में डोर टू डोर पहुंचकर स्थानीय लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान का आग्रह किया। इस दौरान आशीष शर्मा ने कहा कि महज दुष्प्रचार कर चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी और सरकार के नुमाइंदे चुनाव के दिनों में सरकार की कोई भी उपलब्धि नहीं बता सके हैं। हमीरपुर के लिए कांग्रेस सरकार ने पिछले डेढ़ साल में क्या किया, यह बताने में भी कांग्रेस प्रत्याशी नाकाम रहे हैं और बताते भी क्या। बीते डेढ़ साल में हमीरपुर के लिए कोई उपलब्धि कांग्रेस सरकार हासिल नहीं कर पाई है। अनाप-शनाप बयानबाजी और दुष्प्रचार कर उनकी छवि को खराब करने की कोशिश इन लोगों ने की है। इसका जवाब जनता उन्हें भाजपा के पक्ष में मतदान कर देगी। जो अनाप-शनाप और तथ्यहीन बयानबाजी इन लोगों ने की है, उसके खिलाफ अदालत में भी याचिका दायर कर मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा। झूठे आरोप लगाकर कांग्रेस नेताओं ने उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री गांधी चौक पर हुई जनसभा में कहते थे कि आशीष शर्मा रात को 12-12 बजे तक सचिवालय में रहकर लोगों के कामों को करवाने के लिए मेरे पास आते थे। अब मुख्यमंत्री दुष्प्रचार व तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने ईमानदारी के साथ जनता की सेवा के लिए कार्य किया है। सत्ता के लोभ में कांग्रेस प्रत्याशी सरकारी कर्मचारियों व मशीनरी का दुरुपयोग कर शराब व अन्य सामग्री क्षेत्र में बांट रहे हैं। दुष्प्रचार कर रहे इन लोगों को जनता और कानून की अदालत सजा देगी। सालों से उन्होंने जनता की सेवा की है और अब जनता की बारी है कि हमीरपुर का आत्म सम्मान और स्वाभिमान बचाना है। हमीरपुर की देवतुल्य जनता 10 जुलाई को सबक सिखाएगी।