सुजानपुर (हमीरपुर)। मापतौल विभाग की टीम ने बुधवार को सुजानपुर बाजार में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में पहुंचकर विभागीय टीम ने बिक्री के लिए रखीं तमाम वस्तुओं की जांच की। इस दौरान वस्तुओं पर सही मापतौल रेट इत्यादि न लिखा होने के कारण पांच व्यापारियों के चालान किए गए हैं। विभागीय अधिकारी एवं टीम ने शहर के अलग-अलग प्रतिष्ठानों में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान मिष्ठान भंडार, किराना एवं अन्य दुकानों पर जाकर विभाग की टीम ने दस्तक दी।
मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारी ने बताया कि रूटीन चेकिंग के तहत यह कार्य किया गया है। जांच के दौरान पाया गया कि जो वस्तुएं बेची जा रही हैं उन पर न तो सही तरीके से कीमत लिखी गई है और न ही उनका वजन पूरा है। उन्होंने कहा कि नियमानुसार किसी भी वस्तु पर उसकी कीमत और वजन पूरा लिखा होना चाहिए। इसके साथ-साथ यह कब बना है और इसे कब तक इस्तेमाल किया जा सकता है, इस तरह की जानकारी भी उत्पाद की पैकिंग में होनी चाहिए। विभाग के इस औचक निरीक्षण में पांच दुकानदारों के चालान किए गए हैं। इन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उधर, विभागीय निरीक्षक नसीब कुमार ठाकुर ने बताया कि बुधवार को सुजानपुर बाजार में पहुंचकर निरीक्षण किया गया है। पांच दुकानदारों के चालान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वीरवार से सुजानपुर खंड के व्यापारी वर्ग की सुविधा के लिए मापतौल सत्यापन का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से मापतौल यंत्रों को सत्यापित करवाने का आग्रह किया है।