एसडीएम भोरंज ने मतदाता चुनावी साक्षरता क्लबों को जारी किए दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुुर)। विधानसभा क्षेत्र भोरंज के सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में गठित मतदाता चुनावी साक्षरता क्लब 18 मई को अपने क्षेत्र में मतदाता जागरूकता रैली निकालेंगे। क्लबों को रैली के दो फोटो प्रत्येक चुनावी साक्षरता क्लब के ग्रुप में शेयर करना होगा। एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप ने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों में गठित ईएलसी क्लब के सदस्य लगातार लोगों को वोट डालने के लिए जागरूक करने में लगे हुए हैं ताकि भोरंज विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ पर वोट की प्रतिशतता में वृद्धि हो। केरल, पश्चिम बंगाल, बिहार और अन्य राज्यों में लोकसभा के चुनाव में मतदान प्रतिशतता बढ़ सकती है तो हिमाचल प्रदेश के शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधा में अव्वल विधानसभा क्षेत्र भोरंज पीछे क्यों रहे। स्वीप के माध्यम से भोरंज विधानसभा क्षेत्र में लोगों को मतदान करने के बारे में जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए स्वीप टीम दिन रात कार्य कर रही है। मत प्रतिशतत पर कोई असर न पड़े, इसके लिए डेड वोटर और शिफ्ट वोटर को वोटर लिस्ट से हटाने का कार्य बूथ लेबल अधिकारियों ने घर-घर जाकर किया है। उन्होंने घरों से बाहर रह रहे लोगों से आह्वान किया है कि वह एक जून को अपने पोलिंग बूथ पर आकर अवश्य वोट करें तथा भारतीय लोकतंत्र को मजबूत व सफल बनाए।