ढो ग्राम सुधार सभा के सदस्य ग्रामीण रास्ते पर भूस्खलन से पडी मिटटी को हटाते हुए।संवाद।
रास्ते पर मिट्टी पड़ी होने से आवागमन हो रहा था प्रभावित
जाहू (हमीरपुर)। भोरंज उपमंडल की कंज्याण पंचायत में ढो ग्राम सुधार सभा के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर भूस्खलन से बंद गांव को जोड़ने वाले रास्ते को बहाल कर दिया। ग्रामीणों ने इकट्ठे होकर रास्ते में पड़ी मलबे की मिट्टी को श्रमदान से हटा दिया है। ग्राम सुधार सभा के अध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि ढ़ो गांव को जाने वाले रास्ते में वर्ष 2023 में हुए भूस्खलन के कारण मिट्टी रास्ते पर पड़ी हुई थी। इससे ग्रामीणों को आते-जाते परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों ने ग्राम सुधार सभा के सदस्यों के साथ मिलकर रविवार को रास्ते पर पड़ी मिट्टी को उठा दिया है। इस दौरान सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ओम प्रकाश नेगी, मदन नेगी, जगरूप सिंह, अश्वनी कुमार, राजेश कुमार, उत्तम चंद, सुशील कुमार, मिलाप चंद, पूर्व प्रधान पवन कुमार, देशराज, सुरेंद्र सिंह, होशियार सिंह का श्रमदान में सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि ग्राम सुधार सभा हर रविवार को ग्रामीण क्षेत्र को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए कार्य कर रही है ताकि लोग ग्रामीण रास्तों की नियमित देखभाल के लिए स्वयं जागरूक हो सकें।