जाहू से हमीरपुर वाया बाहन्वीं सड़क के विस्तारीकरण से पानी की पाइनलाइन क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। जिला मुख्यालय हमीरपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क जाहू से हमीरपुर वाया बाहन्वीं के विस्तारीकरण के कार्य से सड़क के किनारे डाली गईं पानी की पाइपलाइनें जेसीबी मशीन की खोदाई से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे भोरंज उपमंडल की भलवानी पंचायत के भलवानी और ठारा गांव के करीब 50 परिवार 14 दिन से पानी की एक-एक बूंद को तरस रहे हैं। इससे ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उखाड़ी गई पाइपलाइन को पुन: बिछाने के लिए जल शक्ति और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपना पल्लू झाड़ रहे हैं। इससे गुस्साए पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों का घेराव करने की चेतावनी दी है। भलवानी पंचायत प्रधान अमनदीप, पंचायत प्रतिनिधि राकेश कुमार, मीनाक्षी, सुरेश कुमार, रिखी राम, संजय शर्मा, पूर्व प्रधान फूलां देवी ने कहा कि सड़क के विस्तारीकरण के कार्य को आरंभ करने से पहले न तो जल शक्ति विभाग और न ही लोक निर्माण विभाग ने दोनों गांवों को जोड़ने वाली पाइपलाइन को खोला है। सड़क को चौड़ा करने के लिए जेसीबी मशीन से की गई खोदाई की वजह से पाइपलाइन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है और इसे निकालकर सड़क के किनारे ढेर लगा कर रख दिया है। पंचायत प्रधान अमनदीप का कहना है कि जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को समस्या बताई गई लेकिन उनका कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने कोई भी अनुमति नहीं ली है। जल शक्ति विभाग मंडल भोरंज के अधिशासी अभियंता प्रदीप का कहना है कि लोक निर्माण विभाग ने पानी के पाइपों को उखाड़ने के लिए कोई अनुमति नहीं ली है। पानी की समस्या को दूर करने के लिए स्थानीय कनिष्ठ अभियंता से बात की जाएगी।