रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि सनातन धर्म के सच्चे संरक्षक : वर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। वाल्मीकि सभा हमीरपुर की ओर से वाल्मीकि मंदिर में महर्षि वाल्मीकि की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस शुभ अवसर पर झंडा ध्वजारोहण और भजन माला का भी कार्यक्रम हुआ। जिला मुख्यालय में इस दौरान भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। यह शोभायात्रा भोटा चौक, बसस्टैंड से होकर निकाली गई। महर्षि वाल्मीकि मंदिर हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने पहुंचकर झंडा ध्वजारोहण किया और उसके बाद आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के कारण ही आज हर सनातन धर्म के अनुयायी के घर में रामायण का पवित्र ग्रंथ मौजूद है। महर्षि वाल्मीकि ने बड़े ही सरल और साधारण तरीके से इस ग्रंथ का लेखन कर सनातन धर्म के प्रचार प्रसार में बहुत बड़ा योगदान दिया है और साथ ही सारे समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य इस अपने पवित्र ग्रंथ से किया है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि सही मायने में सनातन धर्म के महत्वपूर्ण संरक्षक हैं। उनके साथ नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज मिन्हास व पार्षद राजकुमार व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।