हमीरपुर। अब प्रदेशभर में गर्भवती महिलाओं और पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को टीकाकरण के लिए तिथियां स्वयं याद रखने या डायरी में नोट करने की आवश्यकता नहीं है। इसके लिए यूविन पोर्टल शुरू किया गया है। इस पोर्टल पर सभी गर्भवती महिलाओं व पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों का पंजीकरण किया जाएगा तथा आईडी जनरेट की जाएगी।
इसमें महिलाओं और बच्चों की सारी जानकारी उपलब्ध होगी। वहीं, जब गर्भवती महिला या पांच वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों को टीका लगना होगा तो इसकी जानकारी दिनांक समेत मोबाइल फोन पर एसएमएस से भी उपलब्ध होगी। इससे बच्चों व महिलाओं को टीकाकरण के लिए अस्पताल में तिथि लेने के लिए भी नहीं जाना पड़ेगा।
वहीं, जब किसी गर्भवती महिला व पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को टीकाकरण से संंबंधित प्रमाण पत्र चाहिए होगा तो वह इस पोर्टल पर ऑनलाइन ही डाउनलोड हो जाएगा। इसके लिए उन्हें टीकाकरण केंद्रों व अस्पतालों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। इस यूविन पोर्टल पर गर्भवती महिलाएं स्वयं भी पंजीकरण कर सकती हैं। इसमें भी कोरोना काल में टीकाकरण करने के लिए जैसे स्लॉट उपलब्ध होते थे वैसे ही स्लॉट उपलब्ध होंगे। जहां तीन माह तक की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे महिलाओं को पता चल सकता है कि कौन सा टीका बचा है और कब स्वयं और बच्चे को लगवाना है।
पूरे देश में एक अगस्त से शुरू किया जाएगा यूविन पोर्टल
इस यूविन पोर्टल को पूरे देश में एक अगस्त से शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रारंभिक दौर में आशा कार्यकर्ताओं व अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला हमीरपुर में भी इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं व अन्य को प्रशिक्षण दे दिया गया है तथा कई जगह अभी प्रशिक्षण चल रहा है। वहीं, जैसे कई प्रवासी महिलाएं एक स्थल से दूसरे स्थल पर चली जाती हैं तो वह कई बार अगले लगने वाले टीके की जानकारी के अभाव में स्वयं व बच्चे का टीकाकरण नहीं करवाती हैं। ऐसे में वह टीकाकरण से छूट जाते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अब इस यूविन पोर्टल पर पंजीकरण होने से महिलाएं देश के किसी भी कोने में टीकाकरण करवा सकती हैं। गर्भवती महिलाओं व पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों का ऑनलाइन रिकॉर्ड उपलब्ध होगा।
इस बारे में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता और यूविन योजना के इंचार्ज डॉ. राकेश ने कहा अब यूविन पोर्टल पर टीकाकरण संबंधी सारी जानकारी होगी। इसमें गर्भवती महिलाओं व पांच वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों को शामिल किया गया है। उन्हें इस पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा तथा उसी पोर्टल पर सारी जानकारी उपलब्ध होगी।