हमीरपुर। साल 2024 दहलीज पर है लेकिन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर स्थापना के पांच वर्ष बाद भी जोनल अस्पताल में ही अटका है। वर्ष 2021-22 में इस प्रोजेक्ट का प्रथम चरण का कार्य पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा था लेकिन 2023 बीतने को है और कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। 376 करोड़ की लागत से प्रथम चरण का निर्माण किया जा रहा है। अब निर्माण कार्य में जुटी कंपनी को जनवरी तक प्रथम चरण के निर्माण को पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया है।
प्रथम चरण में जोलसप्पड़ स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अकादमिक ब्लाॅक और 240 बेड के अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। अकादमिक ब्लाॅक का कार्य पूरा कर लिया गया है। यहां पर फर्नीचर लगाया जाना बाकी है जबकि अस्पताल भवन का 90 फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। पूर्व भाजपा सरकार में इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए जून 2022 की डेडलाइन तय की गई थी लेकिन कार्य पूरा नहीं हो सका। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होते ही फिर इस प्रोजेक्ट के निर्माण को जल्द पूरा करने के लिए सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिशा-निर्देश जारी किए। प्रदेश सरकार की तरफ से 40 करोड़ का बजट भी जारी किया गया। केंद्र और प्रदेश सरकार के शेयर से बन रहे इस मेडिकल कॉलेज का पहला बैच साल 2018 में बैठा है। उम्मीद लगाई जा रही थी कि इस साल के अंत तक नए कैंपस में प्रथम चरण के कार्य को पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन अस्पताल भवन के निर्माण में दो से तीन माह का वक्त लग सकता है। निर्माण कार्य में जुटी कंपनी को जनवरी 2024 तक इस कार्य को पूरा करने का वक्त दिया गया है। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ अधिकारियों ने गत दिनों नए कैंपस का दौरा कर जल्द की कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
प्रोजेक्ट को लेकर सीएम सुक्खू और केंद्रीय मंत्री अनुराग आमने सामने
मेडिकल कॉलेज के निर्माण का श्रेय लेने को लेकर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर कई दफा आमने-सामने जरूर नजर आए हैं लेकिन प्रथम चरण का कार्य अभी तक अधर है। पिछले दिनों दिशा की बैठक के दौरान भी केंद्रीय मंत्री अनुराग ने निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने अधिकारियों की खिंचाई भी की थी। इसकी प्रतिक्रिया में सीएम सुक्खू ने यह बयान दिया था कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मेडिकल कॉलेज की चिंता न करें, प्रदेश सरकार जल्द की कार्य पूरा करवा देगी।
जनवरी तक कार्य पूरा करने के निर्देश : सांजटा
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के अतिरिक्त निदेशक जितेंद्र सांजटा का कहना है कि पिछले सप्ताह ही नए कैंपस का निरीक्षण कर कंपनी को जनवरी तक अस्पताल भवन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। अकादमिक ब्लाॅक के लिए फर्नीचर की खरीद की जानी बाकी है।