नादौन (हमीरपुर)। बस अड्डा नादौन में शुक्रवार दोपहर उसे समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक शिक्षण संस्थान की दो छात्राएं आपस में बुरी तरह गुत्थमगुत्था हो गईं। बस अड्डा के बीचोबीच यह दृश्य देखकर लोग दंग रह गए। दोनों छात्राओं ने एक दूसरे पर थप्पड़ों व लात घूसों की झड़ी लगा दी। झगड़ा किस बात के लिए हुआ यह अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। पता चला है कि दोपहर के समय जब सभी बच्चे घरों को जाने के लिए बसों का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक इन दोनों का आपस में झगड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ गई की नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। आसपास खड़े विद्यार्थियों ने उन्हें छुड़ाने का काफी प्रयास किया, परंतु वह एक दूसरे को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी। कई युवाओं ने इस घटना को अपने कैमरों में कैद कर लिया। बात इतनी बिगड़ती देख किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस पहले इन दोनों छात्राओं को नादौन थाना चौकी ले गई। लेकिन, उनके लाख समझाने के बाद भी जब वह नहीं मानींं तो उन्हें पुलिस थाना नादौन ले जाया गया। जहां पुलिस ने अभिभावकों के आग्रह और छात्राओं के भविष्य को देखते हुए उन्हें परिजनों को सौंप दिया। इन छात्राओं ने काफी देर तक बस अड्डा पर हुड़दंग मचाए रखा। पुलिस मामले की अपने स्तर पर जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि छात्राओं को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।