टौणीदेवी (हमीरपुर)। तहसील टौणीदेवी क्षेत्र में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इनमें एक की कुआं में गिरने, जबकि दूसरे छात्र की रात को सोते समय बिस्तर पर मौत हुई। टिपरे पंचायत के गब्बा गांव में मंगलवार की रात को एक व्यक्ति की कुएं में डूबने से अचानक मौत हो गई। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक पेशे से चालक था। परिजनों ने जैसे ही उसके चिल्लाने की आवाज सुनी तो वे वह कुएं की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने जब व्यक्ति को बाहर निकाला तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना पुलिस चौकी टौणीदेवी को भी दी गई। पुलिस चौकी प्रभारी ज्ञान चंद ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। घटना मंगलवार रात लगभग 10:00 बजे की है। पुलिस चौकी प्रभारी ज्ञानचंद ने बताया कि मृतक की पहचान कुमार गौरव निवासी गब्बा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक का हमीरपुर में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। मृतक पेशे से चालक बताया जा रहा है। दूसरी ओर सिकंदर पंचायत में एक 12वीं कक्षा के छात्र की भी रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक रात को घर में सोया हुआ था, लेकिन सुबह उसकी मौत हो चुकी थी। अचानक हुई इस मौत से परिवार सदमे में है । परिवार के सदस्यों को यह आभास हो रहा है कि इसकी हृदय गति रुकने या सांप के काटने से मौत हुई है। हालांकि इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं हुई है। लेकिन बेटे की अचानक मौत से हर कोई सदमे में है।